देशभाषा की उन्नति से ही देशोन्नति होती है। - सुधाकर द्विवेदी।
 
चलो, करें जंगल में मंगल (बाल-साहित्य )     
Author:आनन्द विश्वास (Anand Vishvas)

चलो, करें जंगल में मंगल,
संग प्रकृति के जी लें दो पल।
बतियाएं कुछ अपने मन की,
और सुनें उनके जीवन की।

मन से मन की बात बताएं,
और प्रकृति में घुल मिल जाएं।
देखो झरने, क्या कुछ कहते,
कल-कल करते बहते रहते।

हँसकर फूल बुलाते हमको,
हँसते रहो सिखाते हमको।
शान्त झील का दृश्य विहंगम्,
जलचर क्रीड़ा मधुरम् मधुरम्।

मोर नृत्य करता, कुछ कहता,
कोयल-कण्ठ मधुर-रस बहता।
आसमान के अनगिन तारे,
निश्छल मन से हमें पुकारे।

वो देखो बदली घिर आई,
दादुर ने अब टेर लगाई।
झम-झम पानी बरस रहा है,
धरती का मन हरस रहा है।

सर-सर हवा बही मतवाली,
चहके खग-मृग मनी दिवाली।
जंगल में मंगल मन जाए,
काश, कभी कुछ यूँ हो पाए।

यूँ तो जंगल बचे कहाँ हैं,
फिर भी ढूँढ़े बचे जहाँ हैं।
जंगल में मंगल तब होगा,
जंगल कहीं बचा जब होगा।


- आनन्द विश्वास

 

Previous Page  | Index Page  |   Next Page
 
 
Post Comment
 
 
 

सब्स्क्रिप्शन

इस अंक में

 

इस अंक की समग्र सामग्री पढ़ें

 

 

सम्पर्क करें

आपका नाम
ई-मेल
संदेश