हिंदी दिवस बारम्बार पूछे जाने वाले प्रश्न (Hindi Diwas FAQ) हिंदी दिवस कब मनाया जाता है? हिंदी दिवस हर वर्ष 14 सितम्बर को मनाया जाता है। हिंदी दिवस 14 सितंबर को क्यों मनाया जाता है? क्योंकि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने एक मत से निर्णय लिया कि हिंदी ही भारत की राजभाषा होगी। हिंदी को भारत की राजभाषा का दर्जा दिलवाने वाले किस हिंदी विद्वान का 14 सितंबर को जन्म दिवस होता है? 14 सितंबर को व्यौहार राजेंद्र सिंह / सिंहा (Beohar Rajendra Simha) का जन्म दिवस होता है। हिंदी को राजभाषा का दर्जा सरलता से नहीं मिल गया था, इसके पीछे लंबे संघर्ष की कहानी है। इस संघर्ष में व्यौहार राजेंद्र सिंह ने अहम भूमिका निभाई थी। अंतत: 14 सितंबर, 1949 को उनके 50वें जन्मदिवस पर हिंदी को भारत की राजभाषा का दर्जा मिला। पहला हिंदी दिवस कब मनाया गया था? पहला हिंदी दिवस 14 सितंबर 1953 में मनाया गया था। हर वर्ष हिंदी दिवस मनाने का प्रस्ताव किसने किया था? हर वर्ष हिंदी दिवस मनाने का प्रस्ताव राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, वर्धा ने किया था। भारत के अतिरिक्त किस अन्य देश में हिंदी को आधिकारिक भाषा का दर्जा प्राप्त है? भारत के अतिरिक्त फीजी में हिंदी को आधिकारिक भाषा का दर्जा प्राप्त है। प्रस्तुति: रोहित कुमार 'हैप्पी' |