सर हिलेरी को राजकीय सम्मान
न्यूज़ीलैंड (ऑकलैंड) 12 जनवरी 2008: सर हिलरी की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ ऑकलैंड के सेंट मैरिस चर्च में मंगलवार, 22 जनवरी को सम्पन्न होगी।
इससे पहले सर हिलेरी का पार्थिव शरीर जनता के अंतिम दर्शन हेतु होली ट्रीनिटी कैथड्रल में रखा जाएगा जहां जनता अपने चहेते ‘सर एड’ को श्रृद्धांजलि दे सकेगी।
सर हिलरी के घर पर शोक संदेशों व फूलों का अंबार लगा हुआ है। इसके अतिरिक्त जहां कहीं भी लोग सर हिलेरी की मूर्ति देखते हैं वहीं पर श्रर्द्धा सुमन अर्पित कर अपनी श्रृद्धांजलि दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री हेलन क्लॉर्क ने आज सर हिलेरी की विधवा लेडी हिलेरी के साथ उनके निवास पर दो घंटे बिताए। बाद में प्रधानमंत्री ने मीडिया को संबोधित किया, “मेरे विचार से हिलेरी परिवार सर हिलेरी के प्रति जनता के स्नेह से पूर्णतया अभिभूत है। उन्हें हमेशा यह आभास था कि सर हिलेरी महान हस्ती हैं किंतु जब आप मीडिया में उनकी असाधारण कवरेज देखते हैं तो पता चलता है कि वह अति-विशेष किवी थे।
लेडी हिलेरी से हुई दो घंटे की भेंट में प्रधानमंत्री ने परिवार को सांत्वना देने के अतिरिक्त उनकी राजकीय अंत्येष्टि के प्रारूप पर भी चर्चा की।
“हमें लेडी हिलेरी और हिलेरी परिवार की भावनाओं का सम्मान करते हुए विशेष राजकीय अंत्येष्टि के प्रारूप पर काम करना है।“ प्रधानमंत्री क्लॉर्क ने बताया।
पिछले बीस सालों में यह केवल तीसरी राजकीय अंत्येष्टि (स्टेट फ्यूनल) होगी, इससे पूर्व भूतपूर्व गवर्नर जनरल सर डेविड बेट्टी की 2001 में राजकीय अंत्येष्टि हुई थी।
राजकीय अंत्येष्टि का सम्मान केवल उन गवर्नर जनरल और प्रधानमंत्रियों जिनकी मृत्यु उनके कार्यकाल के दौरान हो जाए को मिलता है अन्यथा ऐसा राजकीय सम्मान अन्य लोगों के लिए असामान्य है। सर हिलेरी का राजकीय सम्मान नियमावली का उलंघन न होकर उनके विलक्षण व्यक्तित्व को मुखर करता है।
“सर एड असाधारण न्यूज़ीलैंडर थे। वह सर्वाधिक लोकप्रिय जीवित किवि थे। उनकी यहां असाधारण प्रतिष्ठा थी, विश्व भर में उनकी विशेष प्रतिष्ठा थी। इसीलिए उनका राजकीय सम्मान का दर्जा बन जाता है।“ प्रधानमंत्री क्लॉर्क ने कहा।

